राजनीतिक रायता
बागपत के सांसद और विधायक ने किया ऐसा योग, देखकर हक्के-बक्के रह गए लोग
बागपत के सांसद Dr. Satyapal Singh और विधायक Yogesh Dhama ने भी घर में योगाभ्यास किया। उन्होंने योग करने की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं।

बागपत। रविवार (21 जून) को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया गया। हालांकि, कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते सार्वजनिक रूप से कोई विशेष कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग के तहत घरों में ही योग किया। इस दौरान बागपत के भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह (Dr. Satyapal Singh) और विधायक योगेश धामा (Yogesh Dhama) ने भी घर में योगाभ्यास किया। उन्होंने योग करने की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिन्हें लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
पिछले छह सालों में पहली बार ऐसा हुआ कि विश्व योग दिवस पर कहीं भी भीड़ एकत्र नहीं हुई। जनप्रतिनिधियों ने भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने घर पर ही योग किया और जनता को भी यही संदेश दिया। देश के कोने-कोने से सांसदों, मंत्रियों और विधायकों ने योग करते हुए तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के बागपत से लोकसभा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह (Dr. Satyapal Singh) और विधायक योगेश धामा (Yogesh Dhama) ने भी सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर की। इन तस्वीरों और वीडियोज़ में दोनों भाजपा नेता अपने-अपने आवास पर योगाभ्यास करते नजर आए।
सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने किया योग
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने योग करते हुए अपनी एक वीडियो शेयर की। इसके अलावा उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें कुछ पुरानी तस्वीरें भी शामिल हैं। डॉ. सत्यपाल सिंह ने वीडियो के साथ लिखा,
जवानी तो मजे में गयी, तब किया न योग से हेत।
अब पछताये होत क्या, जब चिड़िया चुग गयी खेत।।
अभी भी समय है – करो योग, रहो निरोग।#InternationalYogaDay2020
इसके अलावा तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘योग का अर्थ अपने को पहचानने का, अपने (शरीर, मन, बुद्धि) से, समाज, राष्ट्र व मानवता से जुड़ने का है। भगवान कृष्ण के शब्दों में – तं विद्यात दुःखसंयोग वियोग: योग संघितं अर्थात सभी प्रकार के दुखों को खत्म करने की कला या साइंस को योग कहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सभी भारतीय-संस्कृति-प्रेमियों को बधाई।‘
विधायक योगेश धामा का योग और व्यायाम
भाजपा विधायक योगेश धामा ने योग के साथ—साथ अन्य व्यायाम भी किया। अपने योग और व्यायाम की वीडियोज़ फेसबुक पर शेयर करते हुए योगेश धामा ने लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोविड 19 के परिप्रेक्ष्य में शारीरिक व मानसिक प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के आह्वान पर ‘घर पर योग’, व्यायाम करते हुए अपने जीवन की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध होता हुआ। आप सभी भी योगा को अपने दिनचर्चा का हिस्सा बनाये और अपने शरीर को स्वस्थ बनाए। आप सभी क्षेत्रवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। #YogawithCMyogi #InternationalYogaDay’
सोशल मीडिया पर अपने चहेते नेताओं को तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से योग करते हुए देखना बागपत वासियों के लिए सुखद अनुभव रहा। दोनों भाजपा नेताओं की वीडियोज़ और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही हैं, जिन्हें लोग काफी पसंद कर रहे हैं।