वायरल बवाल
बिना TikTok के भी वायरल हो रहा है विदेश त्यागी का ये वीडियो, देखकर आप भी करेंगे तारीफ
भले ही टिकटॉक (TikTok) जैसी चायनीज़ ऐप्स बंद (Chinese Apps Ban) हो गई हों लेकिन विदेश त्यागी जैसे लोगों की प्रतिभा ऐसी ऐप्स की मोहताज नहीं है।

नई दिल्ली। भारत में 59 चीनी ऐप्स (Chinese Apps) पर प्रतिबंध (Ban) लगा दिया गया है। मशहूर वीडियो ऐप टिकटॉक (TikTok) भी इन 59 ऐप्स में शामिल है। टिकटॉक के जरिये न जाने कितने लोगों की वीडियो वायरल हुईं और वे रातों रात स्टार बन गए। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे कलाकार के बारे में बताने जा रहे हैं जो टिकटॉक (TikTok) का मोहताज नहीं है। बिना टिकटॉक के भी उनकी वीडियो वायरल हो रही है और लोग उसे खूब पसंद कर रहे हैं। उस कलाकार का नाम है विदेश त्यागी।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रावण उर्फ बड़ागांव के रहने वाले विदेश त्यागी एक किसान हैं। उनकी गायन में खास रूचि है और वे शौकिया तौर पर गाते हैं। हाल ही में उनका गाना गाते हुए एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। वीडियो में विदेश त्यागी ने 1957 में आई फिल्म ‘नागमणी’ का प्रसिद्ध गाना ‘पिंजरे के पंछी रे…’ गाया है। इस गाने को मशहूर गायक प्रदीप कुमार (Pradeep Kumar) ने गाया था लेकिन विदेश त्यागी की आवाज भी इस गीत पर खूब जम रही है।
देखिए विदेश त्यागी का वायरल वीडियो
ये वीडियो देखकर आप भी विदेश की तारीफ किये बिना नहीं रह सकेंगे। भले ही टिकटॉक (TikTok) जैसी चायनीज़ ऐप्स बंद (Chinese Apps Ban) हो गई हों लेकिन विदेश त्यागी जैसे लोगों की प्रतिभा ऐसी ऐप्स की मोहताज नहीं है। बिना टिकटॉक के भी विदेश त्यागी का ये वीडियो फेसबुक और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मल्टी टैलेंटेड हैं विदेश त्यागी
अपने गांव में ‘मंत्री’ के नाम से मशहूर विदेश त्यागी प्रतिभा के धनी व्यक्ति हैं। गायन के अलावा भी उनमें कई और टैलेंट हैं। विदेश त्यागी चौलाई के दाने, राई के दाने और बाल जैसी सूक्ष्म चीजों पर अपनी चित्रकारी के लिए भी जाने जाते हैं। वह चौलाई के दाने पर देश के कई बड़े नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के चित्र बना चुके हैं, जिनमें देश के कई प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य जानी मानी हस्तियां शामिल हैं। अपनी विशेष प्रतिभा के लिए उन्हें कई बार पुरस्कृत भी किया जा चुका है।